नई दिल्ली। भारत की JSW स्टील ने दुनिया भर में स्टील उद्योग में एक नया इतिहास रच दिया है। ब्लूमबर्ग की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, JSW स्टील ने बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के मामले में दुनिया की टॉप 10 स्टील कंपनियों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही यह भारतीय कंपनी चीन और अमेरिका जैसे देशों की प्रमुख स्टील कंपनियों को पीछे छोड़ने में कामयाब रही है।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, JSW स्टील का बाजार पूंजीकरण 30.31 अरब डॉलर है, जो इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी बनाता है। बता दें, जेएसडब्ल्यू स्टील के प्रमोटर सज्जन जिंदल हैं। जेएसडब्ल्यू अब स्टील के अलावा ऑटोमोबाइल, पेंट, सीमेंट और पोर्ट के बिजनेस में भी विस्तार कर चुका है।
सूची में अमेरिका की Nucor Corp दूसरे स्थान पर है, जिसका मार्केट कैप 29.40 अरब डॉलर है। वहीं, लक्जमबर्ग की ArcelorMittal 27.14 अरब डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है। बता दें, आर्सेलर मित्तल के मालिक भारतीय मूल के लक्ष्मीनिवास मित्तल हैं।
भारत का दबदबा
JSW स्टील के अलावा, भारत की एक और कंपनी Tata Steel भी टॉप-10 की सूची में शामिल है। यह 23.09 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ पांचवें स्थान पर है। इससे साफ है कि भारतीय स्टील कंपनियां अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
चीन और अमेरिका की कंपनियां
चीन की Baowu Iron & Steel 22.72 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ सातवें स्थान पर है, जबकि Inner Mongolia Baotou Steel 11.54 अरब डॉलर के साथ दसवें स्थान पर है। अमेरिका की Steel Dynamics 18.99 अरब डॉलर के साथ आठवें स्थान पर है।
मुनाफे के मामले में Nippon Steel आगे
जापान की Nippon Steel मुनाफे के मामले में सबसे आगे है, जिसने 58 अरब डॉलर के राजस्व के साथ 3.1 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया है। वहीं, JSW स्टील का राजस्व 21.1 अरब डॉलर और मुनाफा 1.1 अरब डॉलर रहा।
मनीलाभ डॉट कॉम में सीनियर कॉपी रॉइटर। बिजनेस पत्रकारिता में तीन साल का अनुभव। मनीलाभ से पहले राजस्थान पत्रिका में बतौर सब एडिटर काम किया। खाली समय में पढ़ना और घूमना पसंद है।

